कैमूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन तस्करी के दो आरोपी दबोचे

भभुआ/कैमूर। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैमूर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी से जुड़े चार मामलों में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहनियां थाना क्षेत्र के इस्लामगंज वार्ड संख्या-15 निवासी सद्यम गद्दी तथा आजाद अंसारी उर्फ कल्लू मियां के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान दोनों आरोपितों को 5 अक्टूबर 2026 को भभुआ से गिरफ्तार किया गया।

दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनके विरुद्ध कुदरा, मोहनियां और चैनपुर थाना क्षेत्रों में हेरोइन तस्करी से संबंधित मामले दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपित चैनपुर थाना कांड संख्या 392/26 सहित एनडीपीएस एक्ट के अन्य मामलों में वांछित थे। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, सद्यम गद्दी के खिलाफ मोहनियां, कुदरा और चैनपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, आजाद अंसारी उर्फ कल्लू मियां के खिलाफ भी हेरोइन तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!