
भभुआ/कैमूर। आगामी शारदीय नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुगम तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मां मुंडेश्वरी धार्मिक न्यास समिति के सदस्यों के साथ संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान नवरात्र में मां मुंडेश्वरी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पर्व से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट चार्ट तैयार किया गया है। चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग, ड्रॉप गेट और नो-इंट्री प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर और मार्ग में पर्याप्त संख्या में वाटर टैंकर, स्थायी प्याऊ तथा आरओ जल काउंटर लगाए जाएंगे। वहीं, नवरात्र के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर, सीढ़ी मार्ग, प्रवेश-निकास द्वार और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए परिसर में आपातकालीन चिकित्सा शिविर, आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि मां मुंडेश्वरी धाम बिहार का प्रमुख धार्मिक केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुलभ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, धार्मिक न्यास समिति के सदस्य तथा अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
