मंडल कारा भभुआ का निरीक्षण, बंदियों से सीधा संवाद कर सुनी गई समस्याएं

भभुआ/कैमूर। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BALSA), पटना के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कैमूर के मार्गदर्शन में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव डॉ. शैल ने मंडल कारा, भभुआ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने विचाराधीन बंदियों से जानकारी ली कि उन्हें कानूनी प्रतिनिधित्व की सुविधा मिल रही है या नहीं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन बंदियों के पास निजी अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र बंदी विधिक सहायता से वंचित न रहे।सचिव डॉ. शैल ने कारा परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, रसोईघर में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा जेल अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा महिला वार्ड का भ्रमण कर महिला बंदियों की समस्याओं, स्वास्थ्य जांच तथा उनके साथ रह रहे बच्चों की देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें जमानत के प्रावधान, प्ली बार्गेनिंग (Plea Bargaining), विधिक सहायता क्लिनिक की उपयोगिता तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी गई।सचिव ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि योग्य एवं जरूरतमंद बंदियों की सूची नियमित रूप से जिला विधिक सेवा प्राधिकार को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें समय पर निःशुल्क विधिक सहायता और न्यायिक सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।निरीक्षण के दौरान मंडल कारा के अधीक्षक, संबंधित जेल अधिकारी एवं कर्मी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पराविधिक स्वयंसेवक (PLVs) मौजूद रहे।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!