
भभुआ (कैमूर)। माँ मुंडेश्वरी सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सासाराम के सांसद मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, पूर्व के निर्देशों के अनुपालन और जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा की गई।

बैठक में बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह, मंत्री मो. जमा खान, विधायक भरत बिंद, संगीता कुमारी, सतीश कुमार सिंह यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रिंकी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने, बंद नल-जल योजनाओं को चालू कराने, खराब चापाकलों की मरम्मत, स्वास्थ्य सुविधाओं में

सुधार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।सांसद मनोज कुमार ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया। वहीं, जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना बैठक का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
