
शराबबंदी के बीच कार से निकली शराब, पुलिस के सामने ग्रामीणों ने मचाई लूट
मोहनिया के दसौती गांव के पास कार में आग लगने के बाद तस्करों ने वाहन को पानी में धकेला, फ्रूटी पैक शराब देखते ही पानी में कूद पड़े ग्रामीण; वीडियो सामने आने से शराबबंदी कानून के पालन पर उठे सवालमोहनिया (कैमूर)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब की तस्करी और उससे जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला
कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के दसौती गांव के पास का है, जहां शराब से भरी एक कार में आग लगने के बाद तस्करों ने उसे सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में धकेल दिया। इसके बाद कार से शराब के पैकेट बाहर निकलकर पानी में तैरने लगे। शराब देखते ही ग्रामीणों में उसे लूटने की होड़ मच गई। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में ही कई लोग पानी में कूदकर शराब के पैकेट उठाते और लेकर भागते दिखाई दिए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।प्रत्यक्षदर्शी आनंद सिंह के अनुसार, हरियाणा नंबर की एक सफेद कार सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। बताया जाता है कि कार में शराब लेकर जा रहे तस्करों ने पकड़े जाने के डर से पहले गाड़ी से शराब की एक बोतल निकाली और फिर कार को धक्का देकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट दिया। इसके बाद कार सवार सभी लोग पास के नहर वाले रास्ते से फरार हो गए।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
