मोकरी गांव में पोखरे के पास फेंके मिले हजारों आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक, ग्रामीणों में आक्रोश

मोकरी गांव में पोखरे के पास फेंके मिले हजारों आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक, ग्रामीणों में आक्रोश

दो बोरियों में करीब 10 हजार दस्तावेज मिलने से मचा हड़कंप, पोस्ट ऑफिस कर्मियों की लापरवाही की आशंका; प्रशासन ने शुरू की जांच, दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा

भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले में डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव में पुराने पोखरे के पास दो बोरियों में हजारों की संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक फेंके हुए मिले। मंगलवार की सुबह इन दस्तावेजों को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बरामद दस्तावेज मोकरी पंचायत के ही लोगों के हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के महत्वपूर्ण दस्तावेज लावारिस हालत में मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पुराने पोखरे के पास पड़ी दो बोरियों पर पड़ी। ग्रामीणों को संदेह होने पर जब बोरियों को खोलकर देखा गया तो उसमें बड़ी संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक रखे हुए थे।

दस्तावेजों की संख्या करीब 10 हजार बताई जा रही है। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस द्वारा दस्तावेजों को सुरक्षित रखा गया है, ताकि उनकी पहचान और पूरे मामले की जांच की जा सके। आशंका जताई जा रही है कि ये दस्तावेज पोस्ट ऑफिस के माध्यम से संबंधित लोगों तक पहुंचाए जाने थे, लेकिन वितरण करने के बजाय इन्हें पोखरे के पास फेंक दिया गया।पूर्व मुखिया ने जताई नाराजगी, दोषियों पर कार्रवाई की मांगइस मामले को लेकर मोकरी पंचायत के पूर्व मुखिया जयशंकर बिहारी और ग्रामीण तेज बहादुर सिंह ने नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक आम लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इनका इस्तेमाल सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और विभिन्न जरूरी कार्यों में होता है। ऐसे दस्तावेजों को संबंधित लोगों तक पहुंचाने के बजाय इस तरह फेंक देना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।पोस्ट ऑफिस के सर्किल इंस्पेक्टर ने दिया कार्रवाई का भरोसामामले पर भभुआ पोस्ट ऑफिस के सर्किल इंस्पेक्टर चंद्र भूषण प्रसाद ने बताया कि पोखरे के पास दस्तावेज फेंके जाने का मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जिन कर्मियों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम बोले- जिला प्रशासन करा रहा जांचवहीं, भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि थाना के माध्यम से सभी दस्तावेजों को सुरक्षित रखवाया गया है। जिला प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि किसी संबंधित कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस घटना ने डाक विभाग की कार्यप्रणाली और आम लोगों के महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हजारों की संख्या में ये दस्तावेज पोखरे के पास कैसे पहुंचे और इन्हें संबंधित लोगों तक क्यों नहीं पहुंचाया गया? अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस लापरवाही के पीछे कौन जिम्मेदार है और किन परिस्थितियों में इतने महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खुले में फेंका गया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!