गरीब परिवारों को पक्का घर की सौगात!चैनपुर में लाभुकों को मिली आवास की प्रतीकात्मक चाबी

प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मिली गृह प्रवेश की कुंजीचैनपुर में बीडीओ अभिषेक यादव ने लाभुकों को सौंपे स्वीकृति पत्र व आवास की प्रतीकात्मक चाबी, अन्य योजनाओं के अभिसरण की भी दी जानकारी

चैनपुर (कैमूर)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को आवास निर्माण के बाद गृह प्रवेश की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को चैनपुर प्रखंड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक यादव द्वारा योजना के लाभुकों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। साथ ही नए स्वीकृत लाभुकों को स्वीकृति पत्र तथा योजना की विभिन्न किस्तों का लाभ प्राप्त कर चुके लाभुकों को बधाई पत्र भी प्रदान किया गया।कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 20 अगस्त 2026 को पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आलोक में किया गया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं बिहार के मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को स्वीकृति पत्र एवं आवास की प्रतीकात्मक चाबी वितरण तथा राज्य सरकार को आवास निर्माण का लक्ष्य आवंटित किया जाना निर्धारित था। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जोड़ा गया।चैनपुर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बीडीओ ने लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मिलने वाली सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित आवास निर्माण कराने के लिए प्रेरित किया। पूर्ण हो चुके आवासों के लाभुकों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपते हुए उन्हें गृह प्रवेश के लिए शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्तमान में नए स्वीकृत लाभुकों को औपचारिक स्वीकृति पत्र दिया जा रहा है।

वहीं जिन लाभुकों को आवास निर्माण के लिए प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय किस्त की सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है, उन्हें बधाई पत्र देकर योजना के तहत निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।इस अवसर पर लाभुकों को आवास निर्माण से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आवास निर्माण के दौरान गुणवत्ता, मजबूती और निर्धारित मानकों का ध्यान रखना जरूरी है। लाभुकों को उपलब्ध सहायता राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप करते हुए बेहतर एवं टिकाऊ आवास निर्माण करने के लिए जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के साथ अन्य सरकारी योजनाओं के अभिसरण से मिलने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। लाभुकों को बताया गया कि योजना के तहत आवास निर्माण के साथ-साथ अन्य योजनाओं से भी उन्हें विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। इनमें 90 दिनों के अकुशल मजदूरी भुगतान, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अथवा लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण के लिए मिलने वाली सहायता राशि प्रमुख है।

इसके अलावा लाभुकों को विद्युत कनेक्शन, स्वच्छ पेयजल, एलपीजी कनेक्शन तथा जीविका के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य केवल गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि विभिन्न सरकारी योजनाओं को आपस में जोड़कर लाभुक परिवारों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाना भी है।कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने लाभुकों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित प्रखंड कार्यालय से संपर्क करने की अपील की। आवास निर्माण पूरा कर चुके लाभुकों को चाबी मिलने से उनके बीच खुशी का माहौल देखा गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पात्र परिवारों को आवास का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वीकृत आवासों का समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा कराना है।चैनपुर प्रखंड में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को सरकार की आवासीय योजना से जोड़ने के साथ उन्हें अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में संबंधित विभागीय कर्मी, अधिकारी एवं योजना के लाभुक मौजूद रहे।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!