
भभुआ/कैमूर। जिला पदाधिकारी ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान भभुआ नगर परिषद और मोहनिया नगर पंचायत में स्वच्छता, शहरी सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।जिला पदाधिकारी ने दोनों नगर निकायों के सभी वार्डों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित डोर-टू-डोर कचरा उठाव, नालों की निरंतर उड़ाही और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों में नियमित सफाई, सैनिटाइजेशन, जलापूर्ति और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
भभुआ और मोहनिया के प्रमुख चौक-चौराहों, डिवाइडरों, पार्कों व सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा प्रमुख मार्गों पर खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने का निर्देश दिया गया। जाम की समस्या दूर करने के लिए सुनियोजित ट्रैफिक प्लान लागू करने, सड़कों व फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने तथा ऑटो-ई-रिक्शा के लिए व्यवस्थित स्टैंड और पार्किंग स्थल विकसित करने को कहा गया।इसके अलावा जलापूर्ति, नाली-गली निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) समेत विभिन्न योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र में जाकर कार्यों की निगरानी करने को कहा। बैठक में दोनों नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, अभियंता, स्वच्छता समन्वयक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
