
मुआवजा भुगतान में तेजी लाएं, लंबित मामलों का करें त्वरित निष्पादन: जिलाधिकारी
भभुआ/कैमूर। जिलाधिकारी ने शनिवार, 26 सितंबर 2026 को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में भू-अर्जन विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए चल रहे भू-अर्जन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। विशेष रूप से महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्ग-219 (NH-219) से संबंधित भू-अर्जन की प्रगति पर चर्चा हुई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिग्रहित भूमि के एवज में रैयतों एवं भू-स्वामियों को किए जाने वाले मुआवजा भुगतान की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का तत्काल निष्पादन करते हुए मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि त्वरित प्रक्रिया अपनाते हुए पात्र रैयतों के खातों में मुआवजे की राशि का पारदर्शी तरीके से अंतरण सुनिश्चित किया जाए। भू-स्वामित्व अथवा अभिलेखों से जुड़े छोटे-मोटे विवादों का आपसी समन्वय एवं त्वरित सत्यापन के माध्यम से समाधान करने को कहा गया।बैठक में CWJC के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों का यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने की दिशा में सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, NHAI एवं कार्यदायी एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा भू-अर्जन शाखा के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
