सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूट, मोहनिया से गिरफ्तार हुआ आरोपित

लूट में इस्तेमाल बाइक बरामद, मोहनिया के पटना मोड़ से संयुक्त टीम ने दबोचा

मोहनिया/कैमूर। औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को कैमूर जिले के मोहनिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।जानकारी के अनुसार, घटना के दिन सुबह फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया।

आरोप है कि अपराधियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और इसके बाद गोली मारकर उनके पास मौजूद करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप तथा अन्य सामान लूट लिया। गोली लगने से घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल एक आरोपित बाइक से मोहनिया पहुंचा है। सूचना के आधार पर औरंगाबाद पुलिस के निर्देश पर मोहनिया थाना, कुदरा थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम का गठन किया गया।संयुक्त पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मोहनिया के पटना मोड़ के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से कथित रूप से लूट की घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की। इसके बाद गिरफ्तार आरोपित को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद औरंगाबाद पुलिस टीम मोहनिया पहुंची और गिरफ्तार आरोपित को अपने साथ ले गई। अब पुलिस उससे पूछताछ कर लूटकांड में शामिल अन्य आरोपितों तथा घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य संसाधनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने फोन पर बताया कि औरंगाबाद में सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूट की घटना के मामले में एक आरोपित को मोहनिया के पटना मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को औरंगाबाद पुलिस अपने साथ ले गई है।पुलिस की कार्रवाई के बाद इस लूटकांड में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर भी जांच जारी है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!