चार दिवसीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, कैमूर की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

जगजीवन स्टेडियम में गूंजा खेल का जोश, डीएम कुमार अनुराग ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन

भभुआ/कैमूर। खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ सोमवार को कैमूर जिले के विभिन्न खेल मैदानों में हुआ। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में जिले के 265 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के करीब 4,400 खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्घाटन जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में जिला पदाधिकारी कैमूर कुमार अनुराग ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला खेल पदाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में कराया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में भभुआ अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, डीएवी स्कूल के निदेशक दिनेश सिंह, थानाध्यक्ष भभुआ सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।सांस्कृतिक कार्यक्रम और मार्च-पास्ट ने बढ़ाया उत्साहउद्घाटन समारोह के दौरान डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

वहीं उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जैतपुर कला, भगवानपुर के विद्यार्थियों ने ड्रम के साथ शानदार मार्च-पास्ट किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद खिलाड़ियों एवं दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील करते हुए शुभकामनाएं दीं।21 खेल विधाओं में हो रहा आयोजनइस वर्ष जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में 21 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग ले रहे हैं। फुटबॉल में सर्वाधिक 61 टीमों की भागीदारी है। कुल मिलाकर करीब 4,400 खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और ताइक्वांडो सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में, जबकि अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता श्रीमती उदासी देवी प्लस टू उच्च विद्यालय, अखलासपुर में आयोजित हुई।

वॉलीबॉल, बैडमिंटन एवं ताइक्वांडो की प्रतियोगिताएं भी भभुआ के निर्धारित खेल स्थलों पर कराई गईं।आगामी दिनों में कई खेलों की होंगी प्रतियोगिताएंप्रतियोगिता के आगामी दिनों में टेबल टेनिस, कुश्ती, भारोत्तोलन, योग, शतरंज, हॉकी, साइकलिंग एवं क्रिकेट ट्रायल सहित अन्य खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिले के अलग-अलग खेल मैदानों एवं निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।जिम का निरीक्षण कर सुविधाओं का लिया जायजाउद्घाटन कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने जगजीवन स्टेडियम परिसर स्थित जिम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध उपकरणों एवं सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिम को और अधिक आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही।प्रमंडल स्तर पर कैमूर का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ीजिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी प्रमंडल स्तर पर कैमूर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना तथा प्रमंडल, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक, सामान्य शिक्षक, वरीय खिलाड़ी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रधानाध्यापक एवं खेल प्रेमी सक्रिय सहयोग कर रहे है

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!