
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1349 लाभार्थियों के नाम ग्राम सभा में किए गए सार्वजनिक
चांद/कैमूर। चांद प्रखंड के चांद पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 2.0 के तहत विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य योजना के तहत चयनित योग्य लाभार्थियों के नामों को सार्वजनिक करना तथा पंचायत स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित करना था। ग्राम सभा की अध्यक्षता चांद पंचायत के मुखिया चंद्रभूषण राम ने की।ग्राम सभा में आवास योजना के तहत कुल 1349 लाभार्थियों के नाम सार्वजनिक किए गए।
आवास सहायक पुनीत प्रकाश सिंह ने सूची में शामिल लाभार्थियों के नाम बारी-बारी से पढ़कर सुनाए। लाभार्थियों के नाम सार्वजनिक किए जाने के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखा गया तथा सूची में अपना नाम आने पर कई लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।ग्राम सभा में पंचायत स्तर पर निर्धारित मानकों के अनुसार पात्र एवं योग्य लाभार्थियों का अनुमोदन किया गया। मुखिया चंद्रभूषण राम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वास्तविक एवं पात्र परिवारों तक पहुंचाना पंचायत की प्राथमिकता है।
उन्होंने ग्रामीणों से योजना के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित विभागीय कर्मियों से संपर्क करने की अपील की।इस दौरान मुखिया ने ग्रामीणों को बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो इसकी सूचना संबंधित पदाधिकारी या पंचायत प्रतिनिधि को दें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए किसी बिचौलिये के चक्कर में पड़ने की जरूरत नहीं है।ग्राम सभा में पैक्स अध्यक्ष धनंजय सिंह उर्फ धांजू सिंह, पंचायत सचिव लव कुमार, पंचायत समिति सदस्य ललिता देवी, सरपंच अजय कुमार, पंचायत के सभी वार्ड सदस्य तथा विकास मित्र सुधीर कुमार सहित अन्य ग्रामीण एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। सभा के दौरान योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
