
मोहनिया/कैमूर। कैमूर जिले के मोहनिया-पटना पथ एनएच-319 पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार कक्षा नौ की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सिलौंधा मोड़ के समीप हुई, जहां पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने छात्रा को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।मृतका की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के कैथियां गांव निवासी धन्नु यादव की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है।
खुशी अपग्रेडेड प्लस टू विद्यालय कटराकला में कक्षा 9 की छात्रा थी। मंगलवार सुबह वह साइकिल से अपने घर से विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान सिलौंधा मोड़ के पास पीछे से आए ट्रक की चपेट में आ गई।हादसे के बाद घटनास्थल पर छात्रा का स्कूल बैग पड़ा मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र भी मौके पर पहुंचे। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार और विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-319 को जाम कर दिया, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। ग्रामीण फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे थे।इधर, मोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान में जुटी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
