
कुरान ख्वानी, चादरपोशी और कव्वाली की महफिल में उमड़े अकीदतमंद, मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली के लिए मांगी गई दुआ
दुर्गावती (कैमूर)। कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड अंतर्गत महमूदगंज बाजार स्थित हजरत सैयद शहीद बाबा का 35वां सालाना उर्स सोमवार को अकीदत और एहतराम के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और उत्साह का माहौल बना रहा।उर्स पाक की शुरुआत सुबह कुरान ख्वानी के साथ हुई।
इसके बाद चादरपोशी की रस्म से पहले बाबा की चादर को पूरे महमूदगंज बाजार में घुमाया गया। तत्पश्चात दरगाह पर अकीदत के साथ चादरपोशी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी श्रद्धा अर्पित की। अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन-चैन, तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ मांगी।कव्वाली की महफिल में झूमे लोगउर्स के अवसर पर रात में शानदार कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कव्वालों ने अपनी दिलकश प्रस्तुतियों से महफिल में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। कव्वाली की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों पर श्रोता झूमते नजर आए। लोगों ने देर रात तक कार्यक्रम का आनंद उठाया। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ कव्वाली की महफिल ने उर्स के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।हर वर्ष उमड़ते हैं अकीदतमंदहजरत सैयद शहीद बाबा के सालाना उर्स में प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचते हैं।
इस वर्ष भी उर्स को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कुरान ख्वानी, चादरपोशी और कव्वाली समेत विभिन्न कार्यक्रमों के सफल आयोजन के साथ सोमवार को उर्स पाक का समापन हो गया।इस अवसर पर खादिम नसीर अहमद कादरी, सगीर अहमद, शमसुद्दीन भारती, पूर्व मुखिया मकसूद अली, आफताब आलम, रईस, बेचू अहमद, मुन्ना, अफताब, शाहिद सहित उर्स कमेटी के सक्रिय सदस्य और काफी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
