दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में लाठी-डंडे के खेल को लेकर विवाद, फायरिंग का आरोप

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद के बाद फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तारखिड़की का शीशा तोड़कर गोली चलाने का आरोप, घटनास्थल से खोखा और बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद

चैनपुर (कैमूर)। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान लाठी-डंडे के खेल में हुए विवाद के बाद फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के दुलहरा गांव की है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विपिन कुमार को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।घटना के संबंध में दुलहरा गांव निवासी अशोक कुमार, पिता भीम सिंह, ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर पुलिस को बताया कि 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक लाठी-डंडे का खेल कर रहे थे।

इसी क्रम में गांव के ही विपिन कुमार, पिता उमा सिंह, भाला लेकर खेल में शामिल हो गया। अशोक कुमार के अनुसार, उसे घातक हथियार लेकर खेलने से मना किया गया तो वह विवाद करने पर उतारू हो गया। बाद में उसे वहां से हटा दिया गया और वह अपने घर चला गया।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद विपिन कुमार अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वापस आया और फायरिंग करने लगा। इसके बाद तीनों अशोक कुमार के घर पहुंचे और दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगे।

अशोक कुमार ने खिड़की के शीशे से बाहर देखा, तभी आरोप है कि विपिन के एक साथी ने पिस्टल जैसे हथियार से जान मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली लगने से खिड़की का शीशा टूट गया, जबकि अशोक कुमार बाल-बाल बच गए और घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई।गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। अशोक कुमार के अनुसार, घटनास्थल पर बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल छूट गई थी, जिसका चेसिस नंबर

MD2B54DX5TPC75624 बताया गया है।सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां से एक खोखा तथा मोटरसाइकिल बरामद की। पीड़ित के आवेदन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विपिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!