धर्म महासम्मेलन में शिवम कुमार ने किया 16वां रक्तदान, युवाओं को किया प्रेरित

धर्म महासम्मेलन में शिवम कुमार ने किया 16वां रक्तदान, युवाओं को किया प्रेरितमुंगेर में आयोजित तीन दिवसीय धर्म महासम्मेलन में रक्तदान कर दिया मानवता और सेवा का संदेश

भभुआ/मुंगेर। आनंद मार्ग प्रचारक संघ के तत्वावधान में मुंगेर के जमालपुर स्थित बाबा नगर में आयोजित तीन दिवसीय धर्म महासम्मेलन 2026 के दौरान समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रक्तवीर शिवम कुमार ने अपना 16वां स्वैच्छिक रक्तदान किया। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में उन्होंने रक्तदान कर मानवता और सेवा का संदेश दिया। साथ ही युवाओं से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।

रक्तदान शिविर में सदर अस्पताल, मुंगेर के ब्लड बैंक के मेडिकल ऑफिसर डॉ. मो. फैज़ुद्दीन, संजय कुमार, कुमारी सुधा बाला तथा आनंद मार्ग प्रचारक संघ के अमूर्त सचिव अवनींद्रानंद अवधूत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर रक्तवीर शिवम कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के महत्व को समझते हुए इस नेक कार्य में भाग लेना चाहिए।

शिवम कुमार ने बताया कि वे बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर रक्तदान शिविरों, जनजागरूकता कार्यक्रमों और सामाजिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःस्वार्थ भाव से रक्त उपलब्ध कराने में भी सहयोग करते हैं।उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करें और चिकित्सकीय रूप से योग्य होने पर निर्धारित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है। शिवम कुमार का 16वां रक्तदान मानव सेवा के प्रति समर्पण का संदेश देता है और युवाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!