कैमूर: डीएम ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, शिकायतों के शीघ्र निपटारे का दिया निर्देश

डीएम कुमार अनुराग ने विद्यार्थियों से किया संवाद, शिकायतों के त्वरित निष्पादन और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर

भभुआ (कैमूर), 27 अक्टूबर। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, कैमूर में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर एवं ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ ही युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, मद्यनिषेध अधीक्षक, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सनी चंद्रा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देशविद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और छात्रहित से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है।

इसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाती है।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सनी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान शिविर में एक शिकायत प्राप्त हुई है, जबकि अब तक आयोजित शिविरों में कुल तीन शिकायतें मिली हैं। इनके समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और परिसर प्रबंधन की सराहना करते हुए प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, महाविद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

नशे से दूर रहने के लिए युवाओं को किया प्रेरितकार्यक्रम के दूसरे चरण में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार सरकार की ओर से संचालित ‘नशामुक्त बिहार अभियान-2026’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके अंतर्गत राज्यभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं मित्रों को जागरूक करने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।व्हाट्सऐप चैटबॉट से मिलेगी अभियान की जानकारीनशामुक्ति अभियान को आमजन तक पहुंचाने के लिए मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने 24 घंटे उपलब्ध व्हाट्सऐप चैटबॉट की सुविधा भी शुरू की है।

इसके माध्यम से नागरिक अभियान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान क्यूआर कोड के जरिए लोगों को इस डिजिटल सुविधा से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन, शैक्षणिक संस्थानों में प्रतियोगिताओं सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध संस्थागत व्यवस्थाओं का उपयोग करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रहित से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान, महाविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ना रहा।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!