कला, संस्कृति और नवाचार का दिखा संगम, युवा उत्सव में 400 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदा

400 से अधिक युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, जिला पदाधिकारी ने बढ़ाया उत्साह

भभुआ (कैमूर)। स्थानीय लिच्छवी भवन में कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का गुरुवार को समापन हो गया। 28 और 29 अक्टूबर को आयोजित इस उत्सव में 400 से अधिक युवाओं ने सात विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में जिला पदाधिकारी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने युवाओं की कला, रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में अपार संभावनाएं हैं।

ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं को निरंतर अपनी प्रतिभा निखारने और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि युवाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विजेताओं को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कैमूर का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

इन विधाओं में रहे विजेतासमूह गायन में अमन सिंह एवं समूह प्रथम, राजनंदनी सिंह एवं समूह द्वितीय तथा बलिस्टर यादव एवं समूह तृतीय स्थान पर रहे। समूह लोकनृत्य में सुमित्रा कुमारी एवं समूह ने प्रथम, नेहा कुमारी एवं समूह ने द्वितीय तथा रूपा कुमारी एवं समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कविता लेखन में आनंद कुमार गुप्ता प्रथम, बिक्की कुमार द्वितीय और लाडली सिंह तृतीय रहे। नुक्कड़ नाटक में मनीषा कुमारी एवं समूह प्रथम, प्रिया सिंह एवं समूह द्वितीय तथा नगमा खातून एवं समूह तृतीय स्थान पर रहे।चित्रकला प्रतियोगिता में कशिश राज ने प्रथम, वैभवी कुमारी ने द्वितीय और काजल कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

नवाचार चुनौती प्रतियोगिता में दिव्यांशु कुमार प्रथम, सूरज पाठक द्वितीय और विशाल कुमार तृतीय रहे। वहीं, लघु वीडियो प्रतियोगिता में अभिनंदन कुमार प्रथम, राज कुमार गोंड द्वितीय तथा रोहित कुमार तृतीय स्थान पर रहे।युवा उत्सव के दौरान समूह गायन, लोकनृत्य, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, नवाचार और लघु वीडियो प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को सांस्कृतिक, कलात्मक एवं डिजिटल रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। समापन समारोह के अंत में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके बाद बिहार गीत की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। मौके पर निर्णायक मंडल के सदस्य, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

( कैमरा से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!