कैमूर में ठगी का अलर्ट! अंचल कर्मी बनकर रुपये मांग रहे जालसाज

अंचल कार्यालय का कर्मी बताकर ठगी करने की शिकायत, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना अंचल अधिकारी के मोबाइल नंबर पर देने की अपील

कैमूर। अंचल कार्यालय के नाम पर साइबर अपराधियों, दलालों और कुछ साइबर कैफे संचालकों द्वारा आम रैयतों से सरकारी कार्य कराने के नाम पर पैसे की मांग किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग खुद को अंचल कार्यालय का कर्मी बताकर दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमीन की मापी और सर्वे जैसे राजस्व संबंधी कार्यों के नाम पर लोगों से रुपये मांग रहे हैं। इस तरह की घटनाएं अन्य अंचलों में भी होने की सूचना मिल रही है।इस मामले को लेकर अंचल कार्यालय की ओर से सभी रैयतों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में नहीं आने की अपील की गई है।

कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति अंचल कार्यालय, राजस्व कर्मचारी या अमीन का नाम लेकर किसी सरकारी कार्य के बदले पैसे की मांग करता है, तो इसकी तत्काल सूचना अंचल अधिकारी को दें।अंचल कार्यालय के अनुसार, साइबर अपराधी और बिचौलिये सरकारी कर्मी होने का झूठा दावा कर लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं। ऐसे में जमीन से जुड़े कार्यों के लिए किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले उसकी पहचान और संबंधित प्रक्रिया की पुष्टि करना जरूरी है।

रैयतों को सलाह दी गई है कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमीन की मापी और सर्वे जैसे कार्यों के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति को रुपये न दें तथा पैसे की मांग होने पर मामले को नजरअंदाज न करें।अंचल अधिकारी के मोबाइल नंबर पर दें सूचनाअंचल कार्यालय की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि सरकारी कार्य के लिए पैसे मांगने की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल अंचल अधिकारी के मोबाइल नंबर 9031672102 पर दें। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति या कर्मी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।अंचल कार्यालय ने रैयतों से अपील की है कि वे जागरूक रहें और सरकारी काम कराने के नाम पर होने वाली अवैध वसूली या ठगी की सूचना प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि ऐसे मामलों पर रोक लगाई जा सके और आम लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!