कैमूर जिला युवा उत्सव-2026 का शुभारंभ, 402 प्रतिभागी दिखा रहे हुनर

कैमूर जिला युवा उत्सव-2026 का शुभारंभ, 402 प्रतिभागी दिखा रहे हुनरडीएम ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, सात विधाओं में कला, संस्कृति, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन

भभुआ (कैमूर), 28 अक्टूबर। जिले की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को स्थानीय लिच्छवी भवन में दो दिवसीय जिला युवा उत्सव-2026 का शुभारंभ हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, कैमूर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने युवा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं में असीम ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा निहित है। उन्हें उचित अवसर एवं मंच प्रदान कर उनकी रचनात्मक क्षमता को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के युवाओं को अपनी कला, कौशल और नवाचार प्रदर्शित करने के साथ अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिले।सात विधाओं में 402 प्रतिभागी ले रहे भाग28 और 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में कुल 402 प्रतिभागी सात अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

पहले दिन 28 अक्टूबर को चार प्रतियोगिताओं में 249 प्रतिभागी शामिल हुए। इनमें समूह लोकगीत में 26 समूहों के 148 प्रतिभागी, नुक्कड़ नाटक में पांच समूहों के 37 प्रतिभागी, चित्रकला में 50 तथा कविता लेखन प्रतियोगिता में 14 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।वहीं, दूसरे दिन 29 अक्टूबर को तीन विधाओं में 153 प्रतिभागी भाग लेंगे। इनमें समूह लोक नृत्य में छह समूहों के 41 प्रतिभागी, लघु वीडियो प्रतियोगिता में 97 तथा इनोवेशन चैलेंज में 15 प्रतिभागी शामिल हैं।लोककला के साथ डिजिटल प्रतिभा को भी अवसरयुवा उत्सव में पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन जैसी विधाओं के साथ लघु वीडियो तथा इनोवेशन चैलेंज को भी शामिल किया गया है।

इससे युवाओं को सांस्कृतिक प्रतिभा के साथ आधुनिक तकनीक, डिजिटल माध्यम और नवाचार के क्षेत्र में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।जिला पदाधिकारी ने युवाओं से पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया जाएगा सम्मानितउत्सव के समापन पर विभिन्न विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें भविष्य में बेहतर अवसरों के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, नजारत उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी तथा जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों युवा प्रतिभागियों और दर्शकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, कला प्रेमियों और युवाओं से लिच्छवी भवन पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!