कैमूर में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 2074.98 लीटर विदेशी शराब जब्त

नुआंव में पिकअप छोड़कर फरार हुआ चालक, कुढ़नी में टाटा मैजिक से मिली शराब; बरामद खेप की कीमत करीब 20 लाख रुपये

भभुआ/मोहनियां (कैमूर)। कैमूर जिले के मोहनियां अनुमंडल में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 2074.98 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि नुआंव थाना क्षेत्र में पुलिस को देखकर पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

इस संबंध में एसडीपीओ मोहनियां गोपाल कृष्ण ने प्रेस वार्ता कर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात नुआंव थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर सोतवा पुल के पास घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने पिकअप संख्या BR01PA3211 की तलाशी ली, जिसमें से 1059.42 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।वहीं, दूसरी कार्रवाई कुढ़नी थाना क्षेत्र में की गई। बहुआरा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने टाटा मैजिक संख्या BR24GB3890 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1015.56 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नवली गांव निवासी 22 वर्षीय जय प्रकाश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।दोनों वाहनों से बरामद शराब की कुल मात्रा 2074.98 लीटर है। पुलिस ने शराब की तस्करी के मामले में दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, फरार पिकअप चालक की गिरफ्तारी और शराब की खेप से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!