दो ट्रेलरों की भिड़ंत में केबिन में फंसा चालक, घंटों की मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू

गाड़ी के केबिन में फंसा रहा चालक, कटर से गेट काटकर पुलिस और एनएचएआई की टीम ने निकाला बाहर

दुर्गावती (कैमूर)।जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर धनेच्छा स्थित कालका होटल के समीप शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर ही फंस गया।मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिणी लेन में पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रेलर खड़ा था। इसी दौरान दुर्गावती की ओर से कर्मनाशा की तरफ जा रही दूसरी ट्रेलर ने खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल चालक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के खराड़ी गांव निवासी करीब 30 वर्षीय सोनू यादव के रूप में हुई है।टक्कर के बाद चालक ट्रेलर के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम घटनास्थल पर पहुंची और चालक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।चालक के केबिन में फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार कटर की मदद से ट्रेलर का गेट काटकर चालक को बाहर निकाला गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल चालक का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!