
सूअरा नदी में तैरता मिला लापता युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम29 अक्टूबर से था लापता, राजेश्वरी कॉलेज के पीछे नदी से बरामद हुआ शव; पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
भगवानपुर (कैमूर)। कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में 29 अक्टूबर से लापता युवक का शव शनिवार की सुबह सूअरा नदी से बरामद किया गया। युवक का शव राजेश्वरी कॉलेज के पीछे नदी में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान खीरी गांव निवासी मदन शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलने पर भगवानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया।सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई एवं लोजपा (रामविलास) के जिला उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने बताया कि राहुल शर्मा 29 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे घर से नदी की तरफ जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 30 अक्टूबर को परिजनों ने भगवानपुर थाने में आवेदन देकर उसकी तलाश और मामले की जांच करने की गुहार लगाई थी।
शनिवार की सुबह राजेश्वरी कॉलेज के पीछे सूअरा नदी में युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। शव की पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि नदी की ओर जाते समय पैर फिसलने से राहुल गहरे पानी में गिर गया होगा, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।इस संबंध में भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि युवक 29 अक्टूबर को घर से नदी की तरफ जाने की बात कहकर निकला था। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 30 अक्टूबर को थाने में आवेदन दिया था।
पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि शनिवार की सुबह सूअरा नदी में उसका शव बरामद हुआ।थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया पैर फिसलने से नदी में गिरकर डूबने के कारण मौत होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
