चैनपुर में नियोजन मेला संपन्न, 283 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए चयन

चैनपुर में नियोजन मेला संपन्न, 283 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए चयन

19 नियोजक कंपनियों ने लिया हिस्सा, करीब 950 युवाओं ने की भागीदारी; 800 अभ्यर्थियों को स्वरोजगार एवं कौशल विकास की मिली जानकारी

चैनपुर (कैमूर)। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय, कैमूर की ओर से बुधवार को चैनपुर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 19 नियोजक कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।मेले में कुल 465 अभ्यर्थियों से बायोडाटा प्राप्त किया गया।

प्रारंभिक साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 283 अभ्यर्थियों को नियोजन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, लगभग 950 अभ्यर्थियों ने मेले में पहुंचकर रोजगार के अवसरों की जानकारी ली और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी योग्यता एवं अनुभव प्रस्तुत किए।इसके अलावा उद्योग विभाग, आत्मा, आरसेटी (RSETI) एवं डीआरसीसी सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे।

इन स्टॉलों के माध्यम से करीब 800 अभ्यर्थियों को स्वरोजगार, कौशल विकास, प्रशिक्षण तथा सरकार की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी गई।आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार एवं कुशल युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उन्हें व्यावसायिक मार्गदर्शन देना तथा कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना था।जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने, कौशल विकास के अवसरों का विस्तार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह के आयोजन आगे भी किए जाते रहेंगे। मेले को जिले के युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!