
मोहनिया में बेलउंडी मामले को लेकर थाना घेराव, निष्पक्ष जांच की मांग
कैमूर (मोहनिया): तथाकथित बेलउंडी मामले को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मोहनिया थाना का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित जांच की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि 13 फरवरी की संध्या उनके गांव बेलउंडी में किसी प्रकार की कोई हिंसात्मक घटना नहीं हुई थी। इसके बावजूद भभुआ अनुमंडल क्षेत्र के निवासी उत्तम पटेल द्वारा सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी अफवाह फैलाई गई, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए फैलाई गई इस सूचना से अनावश्यक भय और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हुई।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने थानाध्यक्ष के समक्ष अपनी

आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि जिस स्थान पर गाड़ी पर पथराव और गोली चलने का दावा किया जा रहा है, वह स्थल बेलउंडी गांव से काफी दूरी पर स्थित है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निजी लाभ और दबाव बनाने के उद्देश्य से मोहनिया थाना में लगभग 100 अज्ञात लोगों सहित 18 व्यक्तियों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जो पूरी तरह निराधार है।इसी क्रम में ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल मोहनिया एसडीपीओ कार्यालय पहुंचा और एसडीपीओ को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एक बाहरी व्यक्ति, जिस पर पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है, लगातार गांव में आकर शांति भंग करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों के गांव में प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की।इस संबंध में एसडीपीओ ने बताया कि मामले की एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) से जांच कराई गई है। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में गोली चलने या चलाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरे मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच प्रक्रिया जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर ही आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इलाके में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
