
बड़ा सड़क हादसा: दो शिक्षकों की मौत, कई बच्चे घायलचैनपुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बढौना की टूर बस ट्रक से भिड़ी, खुशियां मातम में बदलींकैमूर/रोहतास। कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बढौना से छात्रों और शिक्षकों को शैक्षणिक भ्रमण पर पटना ले जा रही बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना रोहतास जिले के परसथुआ थाना क्षेत्र में मोहनिया–आरा पथ पर हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक से सीधी टक्कर में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैनपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बढौना से छात्र-छात्राएं और शिक्षक शैक्षणिक टूर पर पटना के लिए रवाना हुए थे। बस जैसे ही परसथुआ थाना क्षेत्र में मोहनिया–आरा मुख्य मार्ग पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े।स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता

दिखाते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।दुर्घटना की सूचना मिलते ही परसथुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। विद्यालय परिवार, अभिभावकों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।एक ओर जहां शैक्षणिक भ्रमण को लेकर बच्चों में उत्साह था, वहीं अचानक हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही है।
। कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट
