
हादसा: चैनपुर के दो शिक्षकों की मौत से शोक में डूबा कैमूर, प्रशासन ने जताया संवेदनाकैमूर। जिले में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे शिक्षक समुदाय और प्रशासन को गहरे शोक में डाल दिया है। चैनपुर प्रखंड के बढ़ौना मध्य विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार राय के असामयिक निधन से क्षेत्र में मातम का माहौल है। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भैसहत पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।घर का दृश्य बेहद मार्मिक था। पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोग, शुभचिंतक और सहकर्मी अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। हर कोई उनकी सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और बच्चों के प्रति समर्पण को याद कर भावुक हो उठा।इस दुखद घड़ी में प्रशासन भी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा नजर आया। चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी

शुभम प्रकाश स्वयं भैसहत गांव पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत शिक्षक की पत्नी को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।बीडीओ शुभम प्रकाश ने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है। प्रशासन इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ है और हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत शिक्षक की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने विद्यालय में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सेवा देते थे। उन्होंने सैकड़ों बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उनका भविष्य संवारने का कार्य किया, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।इस अवसर पर शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार, उदरामपुर के मुखिया प्रतिनिधि दिवान इमरान खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।शिक्षक समाज ने इसे शिक्षा जगत की बड़ी क्षति बताया है। संजय कुमार राय की कमी विद्यालय ही नहीं, पूरे क्षेत्र को लंबे समय तक महसूस होती रहेगी।
( लाइव समाचार 7 के लिए कैमुर से अफसार आलम)
