कैमुर प्रशासनिक सख्ती , जिला पदाधिकारी ने किया चांद प्रखंड का निरीक्षण

कैमूर में प्रशासनिक सख्ती: जिला पदाधिकारी ने चांद प्रखंड का किया निरीक्षण, कई अहम निर्देश जारीचांद (कैमूर), 18 फरवरी 2026।जिले में विकास योजनाओं की प्रगति और सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से

18/02/2026 को कैमूर के जिला पदाधिकारी ने चांद प्रखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों एवं परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कृषि फार्म का निरीक्षण, आधारभूत सुविधाओं पर जोर

जिला पदाधिकारी ने चांद प्रखंड मुख्यालय से लगभग 2 किलोमीटर उत्तर, चांद–बराढ़ी पथ पर स्थित कृषि फार्म का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कृषि फार्म परिसर में उगी घास की तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया।सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए फार्म परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, मुख्य द्वार पर स्पष्ट एवं आकर्षक सूचना बोर्ड लगाने तथा मुख्य सड़क से कृषि फार्म तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया। उन्होंने कहा कि कृषि फार्म किसानों के लिए उपयोगी संसाधन केंद्र है, इसलिए यहां बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है।

सरकारी भवनों का जायजा, विवाह मंडप निर्माण का निर्देश

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने प्रखंड अंतर्गत विभिन्न सरकारी भवनों की स्थिति का भी अवलोकन किया। भवनों की साफ-सफाई एवं रखरखाव को लेकर अधिकारियों को सजग रहने की हिदायत दी गई।इस दौरान उन्होंने सरकार भवन के सामने ही एक विवाह मंडप (सामुदायिक भवन) का निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र के लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए समुचित सुविधा मिल सके।

पैक्स गोदामों की जांच

जिला पदाधिकारी ने प्रखंड क्षेत्र के पैक्स गोदामों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गोदामों में रख-रखाव, अनाज भंडारण की स्थिति तथा अभिलेखों की जांच की। संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता बनाए रखने और समय-समय पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

तालाब के जीर्णोद्धार पर बल

चांद प्रखंड अंतर्गत भेरी गांव में स्थित तालाब की स्थिति का भी जायजा लिया गया। तालाब के जीर्णोद्धार की आवश्यकता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तालाबों के संरक्षण से जल-संरक्षण एवं ग्रामीण पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।

विकास कार्यों में तेजी लाने की हिदायत

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।जिला प्रशासन की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में विकास कार्यों के प्रति नई उम्मीद जगी है।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!