
एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर पार कर ट्राली ट्रक ने स्लीपर बस में मारी टक्कर, तीन की मौत, दर्जनों घायल
कुदरा (कैमूर): राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नसेज गांव के समीप शुक्रवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री घायल हो गए। घटना सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक स्लीपर बस अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी।
इसी दौरान मोहनिया से सासाराम की ओर जा रही एक ट्राली ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा में पहुंच गई और बस के अगले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में मृतकों की पहचान डिकछीपा पटेल (9 वर्ष), पिता दीपक पटेल, निवासी चीतयीपुर, वाराणसी; आभा रानी सिंह (45 वर्ष), पत्नी अरुण कुमार शर्मा, निवासी भेलूपुर रोहनिया, वाराणसी; तथा विजय कुमार सिंह (55 वर्ष), निवासी जलालपुर, अंबेडकर नगर, वाराणसी के रूप में हुई है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।घटना की जानकारी मिलते ही कुदरा थाना पुलिस, डायल 112 की टीम तथा एनएचएआई पेट्रोलिंग दल तत्काल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी मानवता का परिचय देते हुए घायलों को बस से बाहर निकालने में सक्रिय सहयोग किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से कुदरा और मोहनिया के अनुमंडलीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किए जाने की सूचना है।प्रारंभिक जांच में ट्राली ट्रक चालक को झपकी आने अथवा वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।हादसे के बाद कुछ समय के लिए एनएच-19 पर यातायात बाधित रहा। पुलिस एवं एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।कुदरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लंबी दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों से अपील की है कि वे पर्याप्त विश्राम के बाद ही वाहन चलाएं, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
। कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट
