
चैनपुर में युवक का शव मिलने से सनसनी, अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका
चैनपुर (कैमूर): चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदुरना स्थित उस्मानकुटी पहाड़ के पास रविवार की रात लगभग 8:00 बजे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजीव रंजन त्रिपाठी (पिता– कैलाश नाथ त्रिपाठी), मूल निवासी चैनपुर के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय सड़क किनारे एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा गया।
पास में ही उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। आशंका जताई जा रही है कि बाइक सवार युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया होगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही चैनपुर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके।घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
