
मोहनिया में 40 लाख रुपये मूल्य की 206.29 ग्राम हेरोइन बरामद, दो कारोबारी गिरफ्तार
ब्लैक मार्केट में कीमत लगभग 80 लाख आंकी गई, बाइक समेत कई सामान जब्त
मोहनिया (कैमूर)। जिले में नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहनिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन जांच के दौरान 206.29 ग्राम हेरोइन बरामद करते हुए दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त हेरोइन का सरकारी बाजार मूल्य लगभग 40 लाख रुपये बताया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी जा रही है।जानकारी के अनुसार सोमवार को कैमूर के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मोहनिया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

टीम द्वारा मोहनिया शहर के पटना मोड़ स्थित महेंद्र होटल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।इसी दौरान काले रंग की अपाचे बाइक से आ रहा एक युवक पुलिस बल को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो पैकेट में कुल 36.28 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के अंवारी गांव निवासी गोरख सिंह के पुत्र बृजेश सिंह के रूप में की गई है।पुलिस पूछताछ में बृजेश सिंह ने अपने सहयोगी के बारे में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोहनिया के इस्लामगंज मोहल्ला स्थित शौकत अंसारी के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान वहां से 170 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने शौकत अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया।मंगलवार की दोपहर मोहनिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरिमोहन शुक्ला, पुलिस अधीक्षक, कैमूर ने बताया कि कुल 206.29 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है।
इसके अलावा 34,550 रुपये नगद, 347 ग्राम प्लास्टिक पैकिंग बैग, एक वीवो टच स्क्रीन मोबाइल, एक अपाचे बाइक तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया है।एसपी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनसे जुड़े अन्य नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।जिले में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
