
होली व रमजान को लेकर चांद थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च, शांति व भाईचारे का संदेश
चांद (कैमूर): होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कैमूर जिला अंतर्गत चांद थाना क्षेत्र में रविवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना अध्यक्ष भागीरथ कुमार ने किया।इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद हदीद खान, अंचल अधिकारी सतीश कुमार गुप्ता सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, संवेदनशील इलाकों और विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए क्षेत्रवासियों को शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।थाना अध्यक्ष भागीरथ कुमार ने बताया कि होली और रमजान जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने कहा कि दोनों त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का प्रतीक हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या शांति भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द में विघ्न डालने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है।फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा होली और रमजान का पर्व आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ मनाएं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए भरोसा जताया कि क्षेत्र में शांति और भाईचारा कायम रहेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
