
अवैध क्लीनिक में इलाज बना जानलेवा इंजेक्शन लगते ही महिला की मौतकैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक में इंजेक्शन लगाने के बाद एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक को सील कर दिया।
मृत महिला की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के दियाव गांव निवासी रूबी कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रूबी कुमारी अपने परिजनों के साथ इलाज कराने के लिए रामगढ़ के घोड़ासर स्थित एक घर में चल रहे क्लीनिक में पहुंची थी। स्थानीय लोगों के अनुसार यह क्लीनिक बिना किसी बोर्ड और बिना रजिस्ट्रेशन के लंबे समय से संचालित किया जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक में मौजूद व्यक्ति द्वारा महिला को इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर जमकर हंगामा शुरू हो गया। काफी देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 11 बजे शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेजा गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित क्लीनिक को सील कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्लीनिक चलाने वाला व्यक्ति डॉक्टर है या नहीं और उसके पास इलाज करने का कोई वैध प्रमाण है या नहीं।घटना के बाद इलाके में अवैध क्लीनिकों को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह बिना लाइसेंस और बिना योग्य डॉक्टरों के क्लीनिक चल रहे हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। प्रशासन ने भी ऐसे अवैध क्लीनिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
