
कैमुर में शिक्षकों की शर्मनाक करतूत, शराब और बारबालाओं के साथ अश्लील डांस का वीडियो वायरलभभुआ (कैमूर):कैमूर जिले के भभुआ प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पईयां के दो शिक्षकों की कथित शर्मनाक हरकत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में विद्यालय के शिक्षक शराब के नशे में बारबालाओं के साथ अश्लील डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है और शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में विद्यालय के शिक्षक धर्मेंद्र शर्मा एक कार्यक्रम के दौरान बारबालाओं के साथ अश्लील हरकतें करते और डांस करते दिखाई दे रहे हैं।

वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार पर आरोप है कि वे कई बार शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचते हैं। इससे विद्यालय के शिक्षण कार्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय परिसर में कई बार मछली पार्टी और शराब पार्टी का भी आयोजन किया जाता है। इस कारण विद्यालय का माहौल प्रभावित होता है और पढ़ाई करने वाले बच्चों के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह आचरण एक शिक्षक की गरिमा के खिलाफ है और इससे बच्चों पर भी गलत संदेश जाता है।वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बनी रहे।इस संबंध में कैमूर के जिला शिक्षा पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
