
मदुरना पंचायत में सरकारी योजनाओं के प्रचार को लेकर लगे कैंप में कम दिखी भीड़, सूचना के अभाव का आरोप70 आवेदन प्राप्त, 33 का हुआ त्वरित निष्पादनचैनपुर (कैमूर):बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में चैनपुर प्रखंड के मदुरना पंचायत स्थित सरकार भवन में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया।कैंप का आयोजन बीपीआरओ के संरक्षण में किया गया, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश, पंचायत के मुखिया सुभाष सिंह तथा सरपंच गुद्दर पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।कैंप के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी देने के लिए अलग-अलग विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, ताकि ग्रामीण अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकें और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकें।

हालांकि कैंप में ग्रामीणों की उपस्थिति अपेक्षा से काफी कम देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम का उद्देश्य पूरी तरह पूरा होता नहीं दिखा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत के अधिकांश ग्रामीणों को कैंप के आयोजन की जानकारी ही नहीं दी गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कैंप की सूचना उसी दिन दोपहर करीब दो बजे किसी के माध्यम से मिली, जबकि उस समय तक कैंप पहले से चल रहा था। ऐसे में अधिकतर लोग समय पर कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके।

ग्रामीणों के अनुसार जब तक इस प्रकार के कार्यक्रमों की सूचना समय पर नहीं दी जाएगी, तब तक आम लोग इन कैंपों में शामिल नहीं हो पाएंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाएंगे। कैंप स्थल पर लगाए गए कई स्टॉल खाली पड़े नजर आए और केवल कुछ चुनिंदा लोग ही मौजूद थे।स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि मदुरना पंचायत में लगभग सात से आठ हजार मतदाता हैं, इसके बावजूद कैंप में इतनी कम उपस्थिति कई सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सही तरीके से प्रचार-प्रसार किया गया होता तो बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकते थे।
बताया गया कि आज आयोजित कैंप में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 33 आवेदनों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य आवेदनों को आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह के कैंपों की सूचना समय से दी जाए और पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें और अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
