
कैमूर में नकली पानी फैक्ट्री पर छापा, 70 लाख का सामान जब्त
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर भभुआ में बड़ी कार्रवाई, फैक्ट्री सीलकैमूर/भभुआ से रिपोर्ट:बिहार के कैमूर जिला में शनिवार को नकली पैकेज्ड पानी बनाने वाले कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है।
भभुआ शहर के ददरा रोड स्थित एक फैक्ट्री पर छापेमारी कर प्रशासन ने भारी मात्रा में डुप्लीकेट उत्पाद बरामद किया।यह कार्रवाई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के निर्देश पर शाम करीब 5 बजे की गई। छापेमारी के दौरान ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार किए जा रहे नकली पानी, बोतलें और लेबल बड़ी संख्या में जब्त किए गए। बरामद सामान की कीमत लगभग 60 से 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकृत अधिवक्ता राजन द्विवेदी, उनकी टीम तथा कोर्ट द्वारा नियुक्त लोकल कमिश्नर अधिवक्ता हिमांशु मेहरा की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई।जांच में सामने आया कि लंबे समय से इस यूनिट में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली पैकेज्ड पानी तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था। बताया जा रहा है कि कम कीमत पर नकली उत्पाद बेचकर उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जा रहा था, जिससे असली कंपनियों को भी नुकसान हो रहा था।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पूर्व में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई।फिलहाल पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया है और जब्त सामान को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर आगे कार्रवाई की जा रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
