कैमुर में विकास ने रचा इतिहास बिहार बोर्ड में पांचवां स्थान लाकर जिले का नाम रोशन किया

कैमूर का होनहार विकास बना मिसाल, बिहार बोर्ड में पांचवां स्थान पाकर किया जिले का नाम रोशनचैनपुर (कैमूर): बिहार बोर्ड परीक्षा में कैमूर जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब चैनपुर प्रखंड के अवखरा गांव निवासी छात्र विकास कुमार गुप्ता ने राज्य स्तर पर पांचवां स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।विकास ने 486 अंक (97.2%) प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। विकास कुमार श्री श्री 108 हाईस्कूल, हाटा के छात्र हैं। उनकी इस सफलता के पीछे कठिन परिश्रम, अनुशासन और परिवार का संघर्ष छिपा है। विकास के पिता ठेले पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।

आर्थिक तंगी के बावजूद विकास ने अपने लक्ष्य को कभी नहीं छोड़ा। उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई जारी रखी और निरंतर मेहनत करते हुए यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो संसाधनों की कमी भी सफलता की राह नहीं रोक सकती।विकास की सफलता से उनके माता-पिता भावुक हो उठे। गांव में भी खुशी का माहौल है और लोग मिठाई बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने विकास को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। विकास ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया।उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की सेवा करना है। विकास कुमार गुप्ता की यह सफलता न सिर्फ कैमूर बल्कि पूरे बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत और लगन से हर सपना साकार किया जा सकता है।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!