
चैनपुर में मेधावी छात्रों का सम्मान, बिहार टॉपर विकास कुमार को मिला विशेष सम्मानकैमूर (भभुआ)/चैनपुर:चैनपुर प्रखंड अंतर्गत किसान इंटर कॉलेज, अवखरा के प्रांगण में बुधवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एमके क्लासेस के डायरेक्टर मिथिलेश सर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बिहार बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर कैमूर जिला टॉपर एवं बिहार में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाले छात्र विकास कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विकास कुमार की इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह के दौरान एमके क्लासेस के अन्य मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। इनमें रविंद्र कुमार, अंकित मौर्य, आंचल कुमारी, धर्मवीर, आदित्य कुमार, आकांक्षा कुमारी एवं अमित कुमार शामिल रहे।
सभी छात्रों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर उनके प्रयासों की सराहना की गई।कार्यक्रम में चैनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों का इस तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करना प्रेरणादायक है और यह अन्य छात्रों के लिए भी मार्गदर्शक साबित होगा। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की।
इस अवसर पर मदुरना पंचायत के पूर्व मुखिया प्रभुनारायण सिंह, हाटा पैक्स अध्यक्ष पप्पू सिंह, हाटा नगर पंचायत के उप चेयरमैन प्रदीप केसरी, समाजसेवी सीताराम सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही कैमूर जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और छात्रों को प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम में आर्यभट्ट ज्ञान स्कूल के प्रिंसिपल होरीलाल सर, डायरेक्टर राजेश सिंह एवं पर्यावरण प्रेमी शिवम कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
सभी अतिथियों ने छात्रों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा गया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
