
भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर अधिकारी बनकर 2.92 करोड़ के सोने की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तारउत्तर प्रदेश के बरेली से कोलकाता ले जाया जा रहा था 2 किलो 6 ग्राम सोना, पुलिस ने 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल किए बरामदभभुआ (कैमूर)। भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर खुद को अधिकारी बताकर करोड़ों रुपये के सोने की लूट करने वाले गिरोह का रेल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एसआईटी ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की कीमत करीब 87 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जबकि लूटे गए कुल सोने की कीमत 2 करोड़ 92 लाख 87 हजार 600 रुपये थी।पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी संजय कुमार खंडेलवाल की फर्म संकल्प गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारी संजीव चौहान (24 वर्ष) 2 किलो 6 ग्राम सोना लेकर कोलकाता गया था। कोलकाता से चंबल एक्सप्रेस ट्रेन के माध्यम से सोना लेकर वापस बरेली लौटने के दौरान 24 अक्टूबर 2026 को भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर दो अज्ञात अपराधियों ने उसे रोक लिया। दोनों ने खुद को अधिकारी बताते हुए कर्मचारी से सोना और मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद उसे भाग जाने, जेल भेज देने तथा सोने के मालिक के घर छापेमारी करने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर रेल थाना भभुआ में कांड संख्या 31/26, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(1), 303(2), 318(4) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, रेलवे पटना के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। इसके बाद रेल पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान जीआरपी, आरपीएफ भभुआ, आरपीएफ सीआईबी डीडीयू तथा उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस के सहयोग से तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।इस कार्रवाई में बरेली के रोहित कुमार (23 वर्ष), शाहजहांपुर जिले के सचिन गंगवार (25 वर्ष) और कासगंज जिले के वरुण कुमार (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सचिन गंगवार सोने के मालिक संजय कुमार खंडेलवाल के यहां मात्र 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी करता था। उस पर भी इस साजिश में शामिल होने का आरोप है। वहीं, वरुण कुमार मकान निर्माण का ठेकेदार बताया गया है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में से वरुण कुमार के घर से 612.74 ग्राम सोना बरामद किया है। इसके अलावा सभी आरोपियों के पास से कुल चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। तीनों गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।रेल पुलिस के अनुसार, मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस अब लूटे गए शेष सोने की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
