भभुआ-चैनपुर मुख्य सड़क पर ट्रकों का जमावड़ा, भीषण जाम से लोग परेशान!

भारतमाला परियोजना के लिए लाई गई राख से भरे ट्रक दो दिनों से सड़क किनारे खड़े, PNC कंपनी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल; राहगीरों और वाहन चालकों को हुई भारी परेशानी

भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले के भभुआ-चैनपुर मुख्य पथ पर राख से भरे ट्रकों के जमावड़े के कारण भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क किनारे बड़ी संख्या में ट्रकों के खड़े रहने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। जाम के कारण दोपहिया, चारपहिया वाहनों से लेकर बड़े मालवाहक वाहनों तक की लंबी कतार लग गई। कई वाहन चालक और यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।मिली जानकारी के अनुसार, भारतमाला परियोजना में इस्तेमाल के लिए राख लेकर पहुंचे कई ट्रक पिछले दो दिनों से भभुआ-चैनपुर मुख्य पथ के किनारे खड़े हैं।

आरोप है कि PNC कंपनी की कार्यप्रणाली और उचित व्यवस्था के अभाव में सड़क पर राख से लदे ट्रकों और डंपरों का जमावड़ा लगा हुआ है। इसके चलते सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों के खड़े रहने से बाधित हो गया है। परिणामस्वरूप इस व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई।गौरतलब है कि भभुआ-चैनपुर मुख्य पथ कैमूर जिले को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के साथ आम लोगों का आवागमन होता है।

ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर लगातार ट्रकों के खड़े रहने से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। सड़क पर जगह कम होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के बीच इस अव्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का सवाल है कि आखिर व्यस्त मुख्य सड़क पर दो दिनों से ट्रकों का जमावड़ा कैसे लगा हुआ है और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या संबंधित कंपनी और प्रशासन को इस समस्या की जानकारी नहीं है?

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!