
बैठक में करीब 150 से 200 वरिष्ठ नागरिक हुए शामिल, थाना, प्रखंड कार्यालय और बैंकों में प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के निस्तारण की उठी मांग
चांद (कैमूर)। कैमूर जिले के चांद थाना परिसर में रविवार, 1 नवंबर 2026 को प्रखंड के वरिष्ठ नागरिक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चांद थाना प्रभारी संजय कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ नागरिक संघ के राष्ट्रीय महासचिव श्री रामायण पांडेय अलोन उपस्थित रहे। बैठक का संचालन अर्जुन सिंह कुशवाहा ने किया।बैठक का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए थाना, प्रखंड कार्यालय तथा बैंक परिसरों में सीनियर सिटीजन सेल का गठन कराने की पहल करना था।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बुजुर्गों को सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में सम्मानजनक व्यवहार मिले तथा उनके कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।वक्ताओं ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर वरिष्ठ नागरिकों को कई तरह की सामाजिक, पारिवारिक, प्रशासनिक और बैंकिंग संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी शिकायतों को सुनने और समाधान कराने के लिए एक अलग व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
थाना, प्रखंड कार्यालय और बैंकों में सीनियर सिटीजन सेल बनने से बुजुर्गों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक बेहतर मंच मिल सकेगा।बैठक में चांद प्रखंड के लगभग 150 से 200 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित बुजुर्गों ने बारी-बारी से अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को संघ के समक्ष रखा। संघ के पदाधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संगठन के माध्यम से संबंधित स्तर पर पहल कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर संगठन की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।बैठक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके अनुभव एवं सम्मान की रक्षा करना सामूहिक जिम्मेदारी है। अब वरिष्ठ नागरिक संघ की इस पहल के बाद चांद प्रखंड में थाना, प्रखंड कार्यालय और बैंकों में सीनियर सिटीजन सेल के गठन की मांग को लेकर आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
