
साइबर ठगी से बचाव को लेकर कैमूर में चला जागरूकता अभियान
भभुआ/हाटा (कैमूर)। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए बिहार पुलिस की ओर से चलाए जा रहे साइबर एवेयरनेस प्रोग्राम के तहत कैमूर जिले में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए इससे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।इसी क्रम में साइबर डीएसपी नीतू कुमारी ने भभुआ स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल कॉलेज तथा हाटा पंचायत क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आम लोगों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क किया।
कार्यक्रम में जीविका दीदियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, शिक्षिकाएं और ग्रामीण शामिल हुए।अंजान कॉल और लिंक से रहें सावधानजागरूकता कार्यक्रम के दौरान साइबर डीएसपी नीतू कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी नहीं होने के कारण ठगों के झांसे में आ जाते हैं। साइबर अपराधी कभी बैंक अधिकारी, कभी पुलिस अधिकारी, कभी रिश्तेदार तो कभी किसी कंपनी का प्रतिनिधि बनकर लोगों से संपर्क करते हैं और गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से रुपये उड़ा लेते हैं।उन्होंने लोगों को विशेष रूप से आगाह करते हुए कहा कि किसी भी अंजान कॉल पर OTP, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड से जुड़ी जानकारी या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा नहीं करें।
किसी अंजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से भी बचें और मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध मैसेज तथा कॉल को लेकर सतर्क रहें।ठगी होने पर तत्काल शिकायत की अपीलसाइबर डीएसपी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराने के बजाय तत्काल इसकी शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से साइबर अपराध की स्थिति में 181, 1930 या 1938 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने अथवा नजदीकी थाना या साइबर थाना से संपर्क करने की अपील की।उन्होंने कहा कि ठगी की जानकारी जितनी जल्दी पुलिस तक पहुंचेगी, उतनी ही तेजी से मामले में कार्रवाई की संभावना बढ़ेगी। इसलिए घटना के बाद समय गंवाए बिना शिकायत करना बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने अभियान को बताया उपयोगीकार्यक्रम में मौजूद लोगों ने साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की। हाटा नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश ने कहा कि साइबर डीएसपी द्वारा खुद गांव और पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों को जागरूक करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी मिलती है और वे अपने बैंक खाते तथा व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने के प्रति अधिक सजग होते हैं।अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार के बुजुर्गों, महिलाओं तथा बच्चों को भी साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दें। पुलिस का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से लोगों को साइबर ठगों के जाल में फंसने से बचाना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
