
कैमूर: डीएम कुमार अनुराग ने भभुआ सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधारने को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,
कैमूर जिले के नव पदस्थापित जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने शनिवार को भभुआ सदर अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया.इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया.निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर में घूम-घूमकर व्यवस्थाओं को देखा और कई कमियों को चिह्नित करते हुए उन्हें जल्द सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए,डीएम कुमार अनुराग ने सदर अस्पताल के एसएनसीयू (नवजात शिशु देखभाल इकाई), इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी सेवा, विभिन्न मरीज वार्ड, जांच केंद्र सहित अस्पताल के सभी प्रमुख विभागों का निरीक्षण किया.उन्होंने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और अस्पताल में उपलब्ध
सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की,निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या को लेकर डीएम ने कहा कि नई बिल्डिंग के निर्माण कार्य के कारण फिलहाल यह समस्या उत्पन्न हुई है.उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।डीएम ने अस्पताल में दलालों की गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर भी सख्त निर्देश दिए.उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में मरीजों को किसी भी तरह से गुमराह करने या निजी लाभ पहुंचाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी
,इसके लिए अस्पताल प्रशासन को निगरानी बढ़ाने और व्यवस्था को पारदर्शी रखने का निर्देश दिया गया, इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं को एक आई कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है,निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी सामने आया.इस पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए विभाग को सूचना देने की बात कही, ताकि महिला मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके, और गर्भवती महिलाओं को बाहर जाना ना पड़े,वहीं, हड्डी रोग विभाग की व्यवस्था को लेकर डीएम ने चिकित्सकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी डॉक्टर अपनी ड्यूटी के समय अस्पताल में उपस्थित रहेंगे,
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सदर अस्पताल में ही हड्डी से संबंधित ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता कम हो,निरीक्षण के बाद डीएम कुमार अनुराग ने कहा कि अस्पताल में कुछ कमियां पाई गई हैं, जिन्हें सुधारने के लिए निर्देश दिए गए हैं.उन्होंने कहा कि यह उनका पहला निरीक्षण है, इसलिए फिलहाल चेतावनी देकर सुधार का मौका दिया गया है.लेकिन आगे भी लगातार निरीक्षण किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी,डीएम के निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में भी सुधार को लेकर सक्रियता बढ़ गई है, अधिकारियों को उम्मीद है कि निरीक्षण में दिए गए निर्देशों के बाद सदर अस्पताल की व्यवस्था और बेहतर होगी तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी, वहीं इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ चंदेश्वरी रजक, डीपीएम ऋषिकेश जायसवाल, उपाधीक्षक डॉ विनोद कुमार सिंह सहित अस्पताल के कई कर्मी मौजूद रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
