
किंगवे हॉस्पिटल के छात्रों का NH-19 पर प्रदर्शन, मांगों को लेकर किया सड़क जाम
दुर्गावती (कैमूर)। कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र स्थित किंगवे हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों और संस्थान की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं करीब 12:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उतर आए और सड़क पर धरना देते हुए आवागमन बाधित कर दिया। छात्रों के सड़क पर बैठने से एनएच-19 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। डीएसपी, एसडीएम तथा दुर्गावती थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद छात्रों ने सड़क से धरना समाप्त किया, जिसके बाद एनएच-19 पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया।प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने संस्थान में कई स्तर पर अनियमितताओं का आरोप लगाया।
छात्रों का कहना था कि सेमेस्टर से संबंधित समस्याओं के साथ-साथ संस्थान में आधुनिक एवं आवश्यक सुविधाओं की कमी बनी हुई है। इसके अलावा फीस को लेकर भी छात्रों ने सवाल उठाए। उनका आरोप है कि संस्थान प्रबंधन द्वारा मनमाने तरीके से फीस वसूली की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को आर्थिक और शैक्षणिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।छात्रों ने कहा कि उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर संस्थान स्तर पर समाधान की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों और समस्याओं का जल्द उचित समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।वहीं, मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। छात्रों के सड़क से हटने के बाद एनएच-19 पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू हो गया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
