
पुसौली में अचानक ब्रेक से मचा हड़कंप, चार वाहन आपस में भिड़े; ट्रक का खलासी घायल
कुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर पुसौली पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुदरा से मोहनिया जाने वाले मार्ग पर हुए इस हादसे में चार वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।प्रत्यक्षदर्शियों एवं ट्रक चालकों के अनुसार, एनएच-19 पर आगे चल रही एक यात्री बस ने सवारी उतारने के लिए अचानक सड़क पर तेज ब्रेक लगा दिया। बस के अचानक रुकने के कारण उसके पीछे चल रहे ट्रकों के चालकों को भी इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहा मुर्गियों के दाने (फीड) से लदा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे खड़े वाहनों से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक के पीछे एक कुल चार वाहन आपस में भिड़ गए।
हादसे में सबसे पीछे चल रहे ट्रक के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के दौरान ट्रक में सवार खलासी सनी, निवासी पंजाब, बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर फंस गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और अन्य वाहन चालकों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दूसरी गाड़ी की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को खींचकर करीब 10 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद घायल खलासी को बाहर निकाला गया।घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस ने एनएचएआई को जानकारी दी, जिसके बाद एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल खलासी को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुदरा लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
बताया गया कि हादसे में उसके पैर में चोट आई है और पैर टूटने की बात भी सामने आई है।ट्रक चालक गुरजंट सिंह ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से मुर्गियों का दाना लेकर पंजाब जा रहे थे। इसी दौरान पुसौली के पास अचानक सामने चल रही बस के ब्रेक लगाने से वाहनों की रफ्तार बिगड़ गई और हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में ट्रक का खलासी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात को सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। एनएच-19 जैसे व्यस्त मार्ग पर अचानक ब्रेक लगाने से हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर यातायात नियमों और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की आवश्यकता को सामने ला दिया है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
