
कैमूर की 2,392 जीविका दीदियों को मिली दूसरी किस्तभभुआ। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत गुरुवार, 27 अगस्त को पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने राज्य की एक लाख जीविका दीदियों को दूसरी किस्त की राशि का वितरण किया। इस दौरान कैमूर जिले की 2,392 जीविका दीदियों के बैंक खातों में 20-20 हजार रुपये की दर से कुल 4 करोड़ 78 लाख 40 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सिंगल क्लिक से हस्तांतरित की गई।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। योजना की पहली किस्त के रूप में प्राप्त 10 हजार रुपये का सदुपयोग कर स्वरोजगार शुरू करने और सफलतापूर्वक व्यवसाय संचालित करने वाली पात्र महिलाओं को ही दूसरी किस्त का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राशि के वितरण से पहले ग्राम संगठन एवं प्रखंड स्तर पर लाभार्थियों का सत्यापन कराया गया है, ताकि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे।मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को कुल 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता चार चरणों में उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, उनके छोटे व्यवसाय को विस्तार देना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि योजना के प्रथम चरण में अब तक राज्य की 1.67 करोड़ महिलाओं को लाभ मिल चुका है।
कार्यक्रम के दौरान कैमूर जिला प्रशासन की ओर से भी योजना के क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाई गई। जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में लाभार्थियों के सत्यापन, पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा राशि के पारदर्शी वितरण की प्रक्रिया को सुनिश्चित किया गया।कैमूर जिले की जीविका दीदियों के लिए यह आर्थिक सहायता स्वरोजगार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। दूसरी किस्त की राशि मिलने से लाभार्थी महिलाएं अपने पहले से संचालित व्यवसाय में निवेश बढ़ाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकेंगी।इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका सहित योजना से लाभान्वित जीविका दीदियां समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्राप्त सहायता को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
