
छोटका अमाव में सड़क किनारे छिपाकर रखी 225 लीटर अवैध शराब बरामद
चांद (कैमूर)। चांद थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम छोटका अमाव में छापेमारी कर सड़क किनारे छिपाकर रखी गई 225 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब की कुल 25 पेटियां जब्त की गईं।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम दारुनपुर निवासी लाला कुमार, पिता दया बिंद, कथित रूप से उत्तर प्रदेश से भारी मात्रा में अवैध शराब लाकर ग्राम छोटका अमाव में छिपाकर रखा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद चांद थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छोटका अमाव गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के क्रम में सड़क किनारे छिपाकर रखी गई ब्लू लाइन देशी शराब मसाला की 25 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने सभी पेटियों को जब्त कर लिया। प्रत्येक पेटी में 200 एमएल की 45 बोतलें थीं। इस तरह कुल 1125 पीस शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 225 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की सभी बोतलों पर बैच नंबर 539 L5 तथा निर्माण तिथि 19 अगस्त 2026 अंकित है।पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले में लाला कुमार, पिता दया बिंद, ग्राम दारुनपुर, थाना चांद, जिला कैमूर के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब की इतनी बड़ी खेप बरामद होने के बाद पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
