DM ने शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविर, मॉडल स्कूल व अनुमंडलीय अस्पताल का किया निरीक्षणजनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

मोहनिया (कैमूर)। जिला पदाधिकारी, कैमूर ने मंगलवार को अमेठ पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर, सरस्वती सेवा निकेतन बरहुली स्थित मॉडल स्कूल तथा अनुमंडलीय अस्पताल, मोहनिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, जनसुविधाओं, प्राप्त शिकायतों तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के साथ सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।सहयोग शिविर में जनसमस्याओं की समीक्षाअमेठ पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों एवं आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पंचायत सचिव को पंचायत से संबंधित कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। शिविर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पंचायत के तीन लोगों का श्रम कार्ड भी बनवाया गया।इस दौरान पंचायत के करीब छह से सात वार्डों में नल-जल योजना से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने PHED के जेई एवं एई को मरम्मत योग्य सभी योजनाओं की 15 दिनों के अंदर मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया।विद्यालय के किचेन के जीर्णोद्धार के लिए प्रधानाध्यापक को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं विद्यालय के एप्रोच रोड से जुड़ी समस्या पर मुखिया एवं प्रमुख प्रतिनिधि ने योजना के माध्यम से कार्य कराने की बात बताई।

विद्यालय की चारदीवारी के संबंध में PO, मनरेगा को तत्काल वृक्षारोपण कराने का निर्देश दिया गया।जिला पदाधिकारी ने विद्यालय एवं खेल मैदान में योजना के माध्यम से वृक्षारोपण, घेराव तथा नेट फेंसिंग कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पंचायत में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के संबंध में बताया गया कि जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ हो चुका है और अगले माह तक इसे कार्यशील करने का लक्ष्य है। इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराते हुए केंद्र को शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया।सहयोग शिविर में मोहनिया विधायक श्रीमती संगीता कुमारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।मॉडल स्कूल में शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजाइसके बाद जिला पदाधिकारी ने सरस्वती सेवा निकेतन, बरहुली मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, आधारभूत संरचना, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा खेल गतिविधियों की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा शिक्षकों को नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के साथ आधारभूत संरचना में आवश्यक सुधार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। विद्यार्थियों में खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया।अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षाजिला पदाधिकारी ने अनुमंडलीय अस्पताल, मोहनिया का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा अस्पताल की आधारभूत संरचना का जायजा लिया।उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अस्पताल परिसर एवं सभी वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।

मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार करने पर भी जिला पदाधिकारी ने विशेष जोर दिया। अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं में आवश्यक सुधार तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!