शिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई, छह महीने से जलजमाव से परेशान लोग

छह महीने से नाली जाम, घरों में घुस रहा गंदा पानी; दुर्गावती बाजार में महिलाओं का फूटा आक्रोश

दुर्गावती/कैमूर। कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड अंतर्गत सावठ पंचायत के वार्ड संख्या 11, दुर्गावती बाजार की मस्जिद वाली गली में पिछले करीब छह महीने से नाली जाम रहने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। नाली का गंदा पानी अब सड़क पर फैलने के साथ-साथ लोगों के घरों में भी प्रवेश करने लगा है।नाली जाम होने के कारण गली में जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। गंदे पानी से निकल रही दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने बताया कि जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन करीब छह महीने बीत जाने के बावजूद नाली की सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं कराई गई।

लगातार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।महिलाओं ने जताया आक्रोश, धरने की दी चेतावनीसमस्या को लेकर स्थानीय महिलाओं में भी काफी आक्रोश है। महिलाओं का कहना है कि वे अपनी समस्या लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पास कई बार जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय प्रतिनिधि वोट मांगने पहुंचते हैं, लेकिन जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता।महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नाली की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगी और अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठेंगी।स्थानीय लोगों ने नए जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नाली की तत्काल सफाई कराने के साथ-साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान बार-बार जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो और वार्डवासियों को गंदे पानी से राहत मिल सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!