
15 मॉडल स्कूलों के सफल संचालन को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठकशत-प्रतिशत उपस्थिति, स्मार्ट क्लास व लैब के नियमित संचालन समेत दिए कई निर्देश
भभुआ/कैमूर। जिले में संचालित 15 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के बेहतर संचालन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर 16 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी, कैमूर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापक, नोडल पदाधिकारी, नामित जिला वरीय पदाधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए।बैठक में डीएम ने नोडल पदाधिकारियों को विद्यालयों का भौतिक निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं का चयन करने का निर्देश दिया। ‘सेवा संकल्प’ एवं ‘कायाकल्प’ के तहत ग्राम सभा के माध्यम से मनरेगा व अन्य योजनाओं को विद्यालयों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
विद्यालयों में उपलब्ध छात्र कोष एवं विकास कोष की राशि का उपयोग छात्रहित और स्कूल विकास में करने, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आधारभूत संरचना संबंधी योजनाएं चयनित करने तथा जरूरत के अनुसार प्राक्कलन तैयार कर बिहार राज्य आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।डीएम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, आईसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा। सभी विद्यार्थियों का Filo ऐप पर अनिवार्य पंजीकरण कराकर डिजिटल लर्निंग का नियमित उपयोग कराने का भी निर्देश दिया गया।वहीं, विद्यालय की भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए संबंधित DCLR एवं SDO को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। डीएम ने नोडल पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर मॉडल विद्यालयों को आधुनिक एवं उत्कृष्ट बनाने पर जोर दिया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
